भारतीय रक्षक पार्टी और एसपीएम हॉस्पिटल की पहल, चिकित्सकों ने सेहत के प्रति किया जागरूक

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रक्षक पार्टी और एसपीएम हॉस्पिटल की ओर से शूटरगंज के अस्पताल घाट स्थित वार्ड 75 में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श दिया। आवश्यकता के अनुसार दवाएं भी लिखीं। शिविर का संचालन पार्टी के जिला प्रभारी राजेश कुमार ने किया।

एसपीएम हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. कुलदीप मिश्रा ने मरीजों की जांच की। शिविर में रक्त शर्करा, रक्तचाप, रक्त में ऑक्सीजन का स्तर और वजन मापा गया। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर समय से उपचार कराने की सलाह दी।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना शर्मा ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है। शुरुआती चरण में बीमारी का पता चलने से उपचार में मदद मिलती है और गंभीर समस्याओं से बचाव संभव होता है। उन्होंने लोगों से अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की।

भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्र सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित शिविर में सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला और राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप मिश्रा के प्रयासों से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply