अलीगंज पुलिस ने प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर बढ़ाया बेटियों का हौसला, पांच पारिवारिक विवादों का कराया समाधान

मिशन शक्ति कार्यक्रम में प्रतिभाशाली छात्राओं और महिलाओं को किया गया सम्मानित

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकरनगर। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत अलीगंज थाना पुलिस की ओर से प्रतिभाशाली छात्राओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने सभी को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सम्मान से बेटियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य छात्राओं एवं महिलाओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में एनटीपीसी कॉलोनी निवासी अरविंद सिंह की पुत्री कोयल सिंह को खेल के क्षेत्र में उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। डीएवी आसोपुर की छात्रा कोयल ने कबड्डी में राज्य स्तर पर रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। वहीं, अलीगंज निवासी स्वर्गीय महेंद्र की पुत्री अनुसुइया को महिलाओं को जागरूक करने तथा माधुरी को सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। त्रिलोकपुर निवासी विकास श्रीवास्तव की पुत्री सनीसा श्रीवास्तव, जो कंप्यूटर शिक्षिका होने के साथ समाज सेवा में भी सक्रिय हैं, को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में आसोपुर निवासी राम सुभग यादव की पुत्री अश्विनी यादव, आदर्श जनता बालिका इंटर कॉलेज टांडा की छात्रा, तथा लालमन यादव की पुत्री ब्यूटी यादव, बाबा राम सरण दास बालिका इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा, को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। अलीगंज पुलिस ने महिला सशक्तीकरण के साथ पारिवारिक विवादों को सुलझाने की दिशा में भी पहल की। पुलिस ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों को बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया। इस पहल के तहत पांच परिवारों के विवादों का समाधान कर संबंधित दंपतियों को दोबारा साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मंजू, रेनू, सुमन और अनीता प्रजापति सहित संबंधित परिवारों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

 

साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

 

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी फोन कॉल, फर्जी लिंक और ऑनलाइन भुगतान जैसे माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम संबंधी विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। कार्यक्रम में रजनी सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय सहयोग किया।

Leave a Reply