विशाल रक्तदान शिविर व निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन 14 जून को

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) मथुरा। स्वर्गीय श्रीमती लीलावती शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि एवं विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक लाइफ केयर ब्लड बैंक, हाईवे प्लाजा के सामने, राष्ट्रीय राजमार्ग-19, मथुरा पर आयोजित होगा।

ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जाता है। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष शिविर को स्वर्गीय श्रीमती लीलावती शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि को समर्पित किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को “रक्त शिरोमणि सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

लाइफ केयर ब्लड बैंक के निदेशक बृजेश शर्मा ने बताया कि रक्तदान शिविर के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एचआईवी, एचबीएसएजी, हेपेटाइटिस-सी, वीडीआरएल तथा मलेरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की जाएंगी।

विनोद दीक्षित एवं बृजेश शर्मा ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

फोटो परिचय : ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित एवं लाइफ केयर ब्लड बैंक के निदेशक बृजेश शर्मा रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की जानकारी देते हुए।

 

रिपोर्टर विनोद दीक्षित मथुरा

Leave a Reply