स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का संदेश, एसपीएम हॉस्पिटल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्म भूमि) कानपुर। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के साथ कल्याणपुर स्थित एसपीएम हॉस्पिटल में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। आयुष मंत्रालय के ‘योग संगम’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल कर्मियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

वूमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी और विभा वाणी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन और ध्यान से हुई। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। सोसाइटी की संस्थापक एवं विभा वाणी कानपुर प्रांत की समन्वयक डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि तनाव, थकान और बदलती जीवनशैली से उत्पन्न समस्याओं से बचने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।एसपीएम हॉस्पिटल की संस्थापक एवं सोसाइटी की निदेशक डॉ. बंदना ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी है। लगातार सेवा कार्यों के कारण उन पर मानसिक और शारीरिक दबाव रहता है, जिसे योग के माध्यम से काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से वृद्धावस्था को अधिक स्वस्थ, सक्रिय और सुखद बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में अस्पताल प्रबंधन, स्वयंसेवकों और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply