दीपक ने साधा जीत का लक्ष्य, जसपाल राणा कप में दोहरी सफलता

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। उत्तराखंड की त्रिशूल शूटिंग अकादमी में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में शहर के पैरा रायफल शूटर दीपक कुमार कनौजिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर कानपुर का मान बढ़ाया। एलेम्को कानपुर में कार्यरत और विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग अकादमी, बर्रा-8 से जुड़े दीपक ने 50 मीटर राइफल .22 थ्री पोजिशन (एसएच-1) स्पर्धा में स्वर्ण और 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग (एसएच-1) में रजत पदक अपने नाम किया।प्रतियोगिता में अकादमी के पार्थ सारथी ने सब-यूथ 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। विजेताओं को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सुभाष राणा और जूरी सदस्य दिलराज कौर ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।अकादमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर के मार्गदर्शन में अलीगढ़ के सब-यूथ पैरा शूटर खुजेमा उरूज ने भी दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अकादमी की संयोजक संध्या देवी और डॉ. देवेंद्र सिंह ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply