उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) बांदा,13 फरवरी 2021 जिले के नरैनी में सड़क से दूर अपने कैंप में सो रहे मजदूरों को आधी रात को तेज रफ्तार ट्राला ने कुचल दिया। जिमें एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मजदूरों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मजदूर सिद्धार्थ कंट्रक्शन कम्पनी द्वारा किये जा रहे फोरलेन सड़क निर्माण में काम कर रहे थे। कम्पनी के इंजीनियर ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कालिंजर थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सुखना नाला के पास सड़क का काम करने वाले मजदूरों ने मुख्य सड़क से लगभग 15 मीटर दूर टीन टप्पर लगाकर अपना कैम्प बनाये थे। शुक्रवार शाम खाना खाने के बाद 4 मजदूर इसी कैम्प में सो रहे थे। रात में लगभग 12 बजे नरैनी की ओर से सतना सीमेंट लादने जा रहे ट्राला (ट्रक) चालक ने तेज गति से गाड़ी कच्चे रास्ते में उतार कर मजदूरों के ऊपर चढ़ा दी। जिससे मजदूर आशीष (28) पुत्र इंद्रपाल बरई निवासी अम्बर शोत थाना लखीमपुर खीरी की घटना स्थल पर मौत हो गई। इसी के साथ जमीन पर लेटे रामजी (25) पुत्र कमलेश, सरोज (24) पुत्र सन्तराम, सन्दीप (19) पुत्र नंद किशोर निवासी अम्बर शोत थाना लखीमपुर खीरी गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रात में ही एम्बुलेंस से सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कम्पनी के इंजीनियर धर्मेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर कालिंजर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। थाने के एसआई जयचंद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 279, 337, 338, 304 ए, तथा 427 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।
रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली
You must be logged in to post a comment.