पुलवामा शहीदों की याद में लगा रक्तदान शिविर

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,14 फरवरी 2021 हर मजहब के लोगों के खून का रंग लाल होता है। सभी को जरुरतमंदों की मदद के लिए आगे बढ़ना चाहिए। सबसे बड़ी ताकत ऊपरवाला ही है, जो हमें और आपको देख रहा है। उसे नमाज, पूजा और इबादत के साथ सबसे ज्यादा इंसानियत का काम पसंद है। सभी धर्मों में यह बात कही गई है कि अगर आप ऊपरवाले को खुश करना चाहते हैं तो आपको इबादत के साथ इंसानियत की खिदमत करनी होगी। ये बातें मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहीं। वह इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी एवं कई सहयोगी संस्थाओं द्वारा पुलवामा शहीदों की याद में आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, ऐशबाग में लगे शिविर में करीब 100 लोगों ने रक्तदान किया। सभी को मेडल, सर्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष कुदरत उल्ला खान ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन होते रहना बहुत जरूरी है। जाति, धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग आगे आएं और मानव सेवा के हमारे इस मिशन को आगे बढ़ाएं। संस्था को आगे बढ़ाने में मो. इमरान, फैजान कुरैशी, अब्दुल वहीद, हाफिज सलमान जुबैर व अन्य लोगों का सहयोग निरंतर मिल रहा है।

रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली