वैलेंटाइन डे पर कोविड प्रोटोकॉल के बीच तेजस एक्सप्रेस रवाना

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,14 फरवरी 2021 कॉरपोरेट सेक्टर की देश की पहली ट्रेन तेजस एक्सप्रेस 14 फरवरी यानि वैलेंटाइन डे पर फिर से शुरू कर दी गई है। रविवार को सुबह छह बजे यात्रियों को कोविड प्रोटोकॉल के बीच रवाना किया गया। ट्रेन पर आने वाले यात्रियों का फूलों के साथ स्वागत किया गया। रविवार व वैलेंटाइन डे का दिन होने पर सभी यात्रियों के खास स्वागत की तैयारी की गई थी। ट्रेन होस्टेस से लेकर सभी कर्मचारियों ने कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया। सभी ने फेस शील्ड व मॉस्क लगाया हुआ था। ट्रेन में प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों ने मुंह पर मास्क लगाया हुआ था। थर्मल स्क्रीनिंग के पास यात्रियों को प्रवेश दिया गया। वहीं ट्रेन में बच्ची के लिए केक काटकर बर्थडे भी मनाया गया। बता दें कि रेलवे बोर्ड ने फिलहाल फिजिबिलिटी रिपोर्ट में तेजस को फैजाबाद तक चलाने में आ रही बाधाओं को देखते हुए इसे लखनऊ तक चलाने का आदेश दिया है। तेजस अब सप्ताह में छह की जगह चार दिन चलाई जाएगी। खास बात ये है कि ट्रेन का किराया वीकेंड में बढ़ेगा। वीकेंड के किराए की व्यवस्था पहली बार किसी ट्रेन में लागू होगी। शुरुआती 40 प्रतिशत सीटों पर इसका किराया शताब्दी एक्सप्रेस के बराबर होगा। पहले दिन तेजस में कुल 730 यात्री गए, जिनमे 676 चेयर कार के और 54 एक्सक्यूटिव क्लास के हैं। तेजस सुबह 6.10 पर छूटकर नई दिल्ली 12.25 बजे पहुंचेगी। तेजस एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार, रविवार व सोमवार को चलेगी। तेजस का किराया मल्टीप्लेक्स की तरह दो श्रेणी में रखा गया है। लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली के लिए शुक्रवार व सोमवार का चेयरकार का किराया 870 और कानपुर से नई दिल्ली का किराया 780 रुपये होगा। इसी तरह शनिवार व रविवार को वीकेंड में लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली का चेयरकार का किराया 950 और कानपुर से नई दिल्ली का किराया 850 रुपये का होगा। एसी चेयरकार में 40 प्रतिशत (कुल 273) सीटों की बुकिंग तक बेसिक किराए में कोई वृद्धि नहीं होगी। इसके बाद बुकिंग करने पर 10 प्रतिशत की वृद्धि होगी। अधिकतम 30 प्रतिशत तक किराया बढ़ाया जा सकेगा। ट्रेन का एडवांस रिजर्वेशन पीरिएड फिलहाल 30 दिनों का होगा। तेजस में यात्री 30 दिन पहले तक अपना एडवांस टिकट बुक करा सकते हैं। ऑन बोर्ड मनोरंजन सेवाएं के साथ यात्रा के दौरान यात्री के घर चोरी व डकैती जैसी घटना होने पर एक लाख रुपये का कवर और 25 लाख रुपये का मुफ्त यात्रा बीमा आइआरसीटीसी उपलब्ध कराएगा। थर्मल स्कैनिंग और लगेज सैनिटाइजेशन के बाद यात्री अपनी सीट पर भेजा जाएगा। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) सभी यात्रियों को सेफ्टी किट भी दी जाएगी। इसमें फेस शील्ड, मास्क, ग्लब्स, हैंड सैनिटाइजर होगा। सभी यात्रियों के लिए पूर्व की तरह ट्रेन होस्टेस, चाय काफी, भोजन व पानी जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली