उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,19 फरवरी 2021 उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि औद्योगिक विकास से संबंधित समस्त नीतियों तथा लंबित महत्वपूर्ण निर्णयों को एक माह के भीतर अंतिम रूप प्रदान कर दिया जाए।
मुख्य सचिव, जिनके पास अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त का प्रभार भी है, आज लोकभवन स्थित सभागार में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के विभिन्न अनुभागों के मध्य बेहतर समन्वय एवं कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से ‘इन्वेस्ट यूपी’ पोर्टल में एक ऑनलाइन मॉड्यूल विकसित किया जाए। उक्त ऑनलाइन व्यवस्था के अन्तर्गत् समस्त अधिकारियों द्वारा लंबित तथा महत्वपूर्ण कार्यों की सूची अपलोड की जाएगी, जिसमें निवेशकों तथा नीतियों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रकरणों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को प्रमुखता दी जाएगी तथा की गई कार्यवाही को प्रतिदिन अपडेट किया जाएगा। इस पर सभी नोडल अधिकारियों का विवरण भी अपलोड किया जाएगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि विभाग में भौतिक पत्रावली प्रचालन को बन्द कर ऑनलाइन ई-ऑफिस व्यवस्था प्रारम्भ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव के स्तर पर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए, जिसमें समय-समय पर वे स्वयं अध्यक्षता करेंगे। जिसमें नीतियों, निवेश प्रस्तावों एवं निवेशकों के प्रकरणों के समाधान हेतु निर्णयों के अनुपालन को सम्मिलित करते हुए उद्यमियों के प्रकरणों के निस्तारण के पश्चात् अविलंब उनको सूचित करना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि निवेश प्रस्तावों के संबंध में उद्यमियों एवं निवेशकों से नियमित, सप्ताह में कम-से-कम एक बार, संवाद सुनिश्चित किया जाए तथा जनपदों में उद्योगों की समस्याओं के समाधान हेतु मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को भी नोडल अधिकारी नामित किया जा सकता है। बैठक में अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविंद कुमार, सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) इन्वेस्ट यूपी नीना शर्मा, विशेष सचिव एवं प्रबन्ध निदेशक पिकप सुजाता शर्मा, विशेष सचिव एवं अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी-डॉ0 मुथुकुमारसामी बी. तथा समस्त अनुभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली
You must be logged in to post a comment.