उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) प्रतापगढ़,11 मार्च 2021 महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के शिवालयों में बच्चे, महिलाएं, बूढे़ सभी भोलेनाथ का दर्शन पाने को आतुर दिखाई दिये। शहर में रेलवे स्टेशन, पल्टन बाजार, बेल्हा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने भोले नाथ का विधि विधान से दर्शन पूजन किया। हिन्दू समाज के छोटे-छोटे बच्चों ने बढ़ों के साथ शिवरात्रि का व्रत रखा और पूजा अर्चना की। पूरा शहर व जिला भोलेनाथ के जयकारों से दिनभर गूंजता रहा। महाशिवरात्रि के अवसर पर घुइसरनाथ धाम व भयहरण धाम में राष्ट्रीय एकता महोत्सव के कार्यक्रमों की धूम रही। बाबा घुइसरनाथ धाम मंदिर में कांग्रेस के पूर्व राज्य सभा व सीडब्लसी मेंबर प्रमोद तिवारी, क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्र मोना ने बाबा के दरबार में माथा टेका। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार महाशिवरात्रि पर सदभावना सभा मे शामिल होने आये पूर्व सांसद एवं केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रमोद तिवारी सुबह सबसे पहले अपनी विधायक पुत्री एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा छोटी सुपुत्री डा. विजयश्री सोना तथा पौत्र राघव मिश्र के साथ बाबा का दर्शन करने पहुंचे। इसी समय शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी भी दर्शन करने पहुंचे। प्रशासन के आग्रह के बावजूद प्रमोद तिवारी अपनी विधायक बेटी मोना के साथ आम श्रद्धालुओं की तरह पंक्ति मे खडे़ हुए और अपनी पारी आने की प्रतीक्षा करते करीब आधे घंटे बाद मंदिर के गर्भगृह मे पहुंचकर बाबा के समक्ष मत्था टेका। प्रमोद ने यहां बाबा के साथ भगवान बेंकटेश्वर का भी वैदिक पूजन के साथ दर्शन कर लोक कल्याण की सुमंगल कामना की। प्रमोद तिवारी को आम श्रद्धालुओं की तरह जलाभिषेक की पंक्ति मे खडा देख भारी तादात मे मौजूद श्रद्धालु भी उत्साह से भर उठे। भयहरणनाथ धाम में समाज शेखर ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली
You must be logged in to post a comment.