भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,12 मार्च 2021 लखनऊ में दो मार्च की रात खुद पर गोली चलवाने के मामले में फरार चल रहे भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष को हाईकोर्ट से शुक्रवार को राहत मिल गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने आयुष की गिरफ्तारी पर स्टे दे दिया है। आरोप है कि मड़ियाव के छठा मील इलाके में दो मार्च की रात आयुष ने खुद पर गोली चलवाई थी। इस मामले में मड़ियाव के दरोगा राधेश्याम मौर्या ने आयुष किशोर और उसके साले आदर्श सिंह पर हत्या के प्रयास और साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आदर्श को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि सांसद कौशल किशोर का बेटा फरार चल रहा था। दो दिन पहले सांसद के बेटे आयुष किशोर ने कोर्ट में समर्पण की अर्जी डाली थी। शुक्रवार को आयुष के वकील ने हाईकोर्ट के लखनऊ खंडपीठ में स्टे की अर्जी डाली। जिस पर कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दे दिया है। सांसद के बेटे आयुष की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को 41 सीआरपीसी के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस अब बयान दर्ज कराने के लिए आयुष को नोटिस भेजेगी। नोटिस भेजने के बाद भी आयुष के न आने पर गिरफ्तारी का वारंट लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक जल्द आयुष के घर नोटिस भेजा जाएगा।

रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली