उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने घुटनों के बल चलकर फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची दिव्यांग महिला को ट्राई साइकिल दिलाकर मानवता की मिसाल पेश की है। डीएम की दरियादिली देख गदगद हुई दिव्यांग महिला ख़ुशी के आंसुओं के साथ शुभाशीष देते हुए अपने घर को रवाना हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक ब्लाक और तहसील के चक्कर काटते-काटते थक चुकी सदर ब्लाक कर्वी के सुदिनपुर गांव निवासी मीरा देवी सोमवार को डीएम के चौखट पर पहुंची। पैरो से विकलांग महिला को घुटनों के बल चलते देख चित्रकूट डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल से उसकी पीड़ा देखी नहीं गई। जिलाधिकारी ने तत्काल जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी राजेश नायक को एक ट्राई साईकिल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचने के निर्देश दिए। कुछ ही देरी में नई ट्राई साईकिल आने पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने अपने हाथों से ट्राई साईकिल दिव्यांग महिला को भेंट की।
जिलाधिकारी की दरियादिली देख ट्राई साईकिल पाने वाली महिला मीरा देवी के आंखों में ख़ुशी के आंसू छलक उठे। महिला डीएम को सुभाशीष देते हुए ख़ुशी-ख़ुशी अपने घर को रवाना हो गई। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी गणेश प्रसाद सिंह, जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी राजेश नायक आदि अधिकारी मौजूद रहे।
*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.