उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट।दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित एवं कौशल विकास मंत्रालय द्वारा वित्तपोषित जन शिक्षण संस्थान चित्रकूट द्वारा स्किल से सम्पूर्ण स्वच्छता के अन्तर्गत आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत स्वयं की स्वच्छता व जागरूकता तथा कोविड़-19 की दूसरी लहर का प्रभाव व सम्भावित तीसरी लहर से बचाव तथा सावधानियां विषय पर अलग अलग स्थानों पर लोगों को जागरूक किया गया।
पहले कार्यक्रम का शुभारंभ इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल चकजाफ़र में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिल्पा चौहान एवं जेएसएस के निदेशक रमाशंकर त्रिपाठी ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण द्वारा किया गया।जिसमें मुख्यवक्ता के रूप में बोलते हुए प्रधानाध्यापिका शिल्पा चौहान ने कहा कि आंतरिक एवं वाह्य दो प्रकार की स्वच्छता होती है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी आचरण जैसे शरीर की स्वच्छता, दॉंतों की सफाई, नाखूनों तथा पैरो की देखभाल, भोजन, आहार, व्यायाम, विश्राम एवं नींद (निद्रा), ध्रूमपान लत, मानसिक विचार तथा मद्यपान संबंधी नियमों का पालन व्यक्तिगत स्वच्छता के अन्तर्गत हैं। उन्होंने कहा कि सबके सामूहिक प्रयास से कम से कम अपना घर, आसपास और शरीर को साफ रखने की बात लोगों के जेहन में यदि उतर जाए तो डॉक्टरों के पास भीड़ भी घट जाएगी और काफी हद तक बीमारी पर खर्च होने वाले पैसे की बचत हो जाएगी। व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के अंतर्गत सिर की सफाई, आँख, कान और नाक की सफाई मुँह की सफाई ,त्वचाकी देखभाल, हाथ धोना, शौंच के बाद सफाई, जननांगों की सफाई, खाद्य और रसोई की स्वच्छता आते है। किस प्रकार का भोजन हम खाते हैं, किस प्रकार हम अपने शरीर को साफ रखते हैं, कितना शारीरिक व्यायाम करते हैं ये हमारे शरीर को स्वास्थ बनाये रखने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। कई बीमारियाँ सफाई के अभाव में पैदा होती हैं परजीवी कीड़े फफूँद, घाव, डायरिया, पेचिश जैसी बीमारियाँ निजी स्वच्छता के अभाव में पैदा होती हैं। केवल साफ रहकर ही इन बीमारियों को रोका जा सकता है। वहीं दूसरे कार्यक्रम पहाड़ी में कोविड़-19 की दूसरी लहर का प्रभाव व सम्भावित तीसरी लहर से बचाव व सावधानियां विषय पर रघुबीर प्रसाद कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना अग्रहरि ने मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से हमारे जीवन में व्यापक बदलाव आए हैं, ना केवल हमारे निजी जीवन पर बल्कि हमारे रिश्तों पर भी इसका प्रभाव पड़ा है।
लेकिन महामारी के इस दौर में हम ख़ुद और अपनों को कैसे बचाएं और कैसे सुरक्षित रखें इसके लिए अनेक प्रकार की जानकारी, सुझाव और सलाह मौजूद हैं। जिसमे साफ़-सफ़ाई का ध्यान रखना सबसे ज़रूरी है। शासन द्वारा दिये जा रहे सभी आवश्यक दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करना, भीड़-भाड़ वाली जगहों में अति आवश्यक होने पर ही जाना, साबुन या सेनेटाइजर का प्रयोग करना, मास्क का प्रयोग तथा स्वयं टीकाकरण अवश्य कराएं और अपने परिवार एवं अपने आस पास के लोगों व समुदाय को इस महामारी की भयावहता के प्रति जागरूक करें। जिससे सम्भावित तीसरी लहर से बचा जा सके या आने और नुकसान कम से कम हो और यह तभी सम्भव होगा जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरे मनोयोग से करेगा।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक रमाशंकर त्रिपाठी द्वारा जन शिक्षण संस्थान द्वारा चलाये जा रहे विभिन रोजगार परख प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के साथ साथ कौशल से सम्पूर्ण स्वच्छता पखवाड़े की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन सहायक परियोजना समन्वयक अनिल कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रेमनरायण गुप्ता, शिखा गुप्ता, धीरेंद्र कुमार, मनोज मिश्रा, मनोज पद्म त्रिपाठी, मंजू सिंह, सुमन गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर सिलाई एवं ब्यूटिशियन की प्रशिक्षणार्थी बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.