*चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुऐ दो को किया गिरफ्तार*

चित्रकूट: पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा के निर्देश पर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी मऊ शीतला प्रसाद पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ योगेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में थाना बरगढ़ पुलिस ने दो अभियुक्तों को चोरी के इंजन पंपिंग सेट व तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि बीती 11 सितम्बर को ग्राम गाहुर से एक इंजन पंपिंग सेट तथा ग्राम दूबी रैपुरा से अज्ञात चोरों ने दो पंपिंग सेट चोरी कर लिए थे। जिसके संबंध में थाना बरगढ़ पर अज्ञात मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इंजल पंपिंग सेटों कि बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना बरगढ़ पुलिस लगातार प्रयासरत थी। जिस क्रम में बीते बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मुरका बाजार के पास से अभियुक्त नागेश सिंह उर्फ विपिन सिंह पटेल पुत्र रामसूरत पटेल निवासी लेदनी थाना अतरौली जनपद रीवा मध्य प्रदेश को एक तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसने अपने साथी राजा पांडेय पुत्र दयाशंकर पांडेय निवासी करहाई थाना अतरैला जनपद रीवा मध्य प्रदेश एवं रईश पुत्र जाहिर निवासी लुलीपुर थाना करारी जनपद कौशांबी के साथ मिलकर 11 सितम्बर की रात्रि में तीन इंजन पंपिंग सेट चोरी किए थे, जो मुरका बाजार से आगे प्रयागराज रोड स्थित मोहम्मद जावेद पुत्र स्व दोस्त मोहम्मद निवासी मुरका थाना बरगढ़ जनपद चित्रकूट को उसकी कबाड़ की दुकान में वेच दिए थे। अभियुक्त की निशानदेही पर थाना बरगढ़ पुलिस टीम द्वारा मोहम्मद जावेद की कबाड़ की दुकान पर पहुंच कर चोरी के तीनों पंपिंग सेट बरामद किए गये तथा चोरी की पंपिंग सेट खरीदने के जुर्म में अभियुक्त मोहम्मद जावेद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं माल बरामदगी के आधार पर धारा में बढ़ोतरी की गयी ।

गिरफ्तारी के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक मुन्नीलाल, उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रताप सिंह, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह राजपूज, मनीष प्रथम, चन्दन विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट