सतना एवं बांदा सांसद ने ग्रामोदय मेला की तैयारियों का लिया जायजा,मेला स्थल का किया भ्रमण

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: भारतरत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की जयंती के पावन अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान में 9 से 12 अक्टूबर तक लगने वाले विराट ग्रामोदय मेला (ग्रामोदय से राष्ट्रोदय) एवं सांस्कृतिक संध्या शरदोत्सव के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर शोर से शुरू हो गई है। कारीगरों के द्वारा दिन रात डोम बनाने का काम किया जा रहा है, उसके अन्दर प्रदर्शनी के काउन्टर तैयार किये जा रहे हैं।

दीनदयाल परिसर चित्रकूट में लगने वाले विशाल ग्रामोदय मेला के लिए शनिवार को सतना सांसद गणेश सिंह एवं स्थानीय सांसद आर के सिंह पटेल व दीनदयाल शोध संस्थान के उपाध्यक्ष इंजी उत्तम बनर्जी, जय ताम्रकार ने चित्रकूट पहुँच कर मेला की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, कोषाध्यक्ष वसंत पंडित, उप महाप्रबंधक डाॅ अनिल जायसवाल तथा भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के सदस्यों द्वारा सभी गतिविधियों एवं मेला स्थल का मुआयना कराया।

मेला में सतना एवं चित्रकूट जिले के सभी विभागों की प्रदर्शनी तथा मध्यप्रदेश के सभी जिलों से एक जिला एक उत्पाद को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा देश की विरासत, प्रगति एवं विकास को प्रदर्षित करने वाली प्रदर्शनी ’’ग्रामोदय मेला’’ में लगाई जाएगी, जिसमें भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार, निजी क्षेत्र के विभिन्न विभागों एवं लघु-कुटीर उद्योगों के द्वारा आमजन के लिये ग्रामीण भारत की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। जिसके अन्तर्गत सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ फूड कार्नर, मनोरंजन, खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों का स्टाॅल मेला में आकर्षण का केन्द्र रहेगें।

साथ ही कृषि की आधुनिक तकनीकी का प्रदर्शन विभिन्न विषयों पर सेमीनार का आयोजन एवं आयुर्वेद, प्राकृतिक, चिकित्सा तथा योग से सम्बन्धित विशेषताओं का प्रदर्शन, विभिन्न प्रतियोगितायें जिनमें निबंध, प्रश्नोत्तरी, तात्कालिक भाषण, चित्रकला, पाककला, मेहदी, रंगोली, स्वस्थ पशु प्रतियोगिता आदि आयोजित किये जाएंगे।

 

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट