पूर्णकालिक सचिव ने किया जिला कारागार का निरीक्षण

राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के आदेशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश विष्णु कुमार शर्मा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव विदुषी मेहा जिला कारागार एवं संप्रेक्षण गृह चित्रकूट का निरीक्षण किया तथा कारागार में बंद सिद्ध दोष बंदियों को विधिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।

विधिक जागरूकता कार्यक्रम व निरीक्षण के दौरान जिला विधि सेवा प्राधिकरण पूर्णकालिक सचिव विदुषी मेहा ने बैरक में बंद बंदियों से उनके रहन सहन के बारे में जानकारी ली। साथ ही सर्द मौसम के दृष्टिगत बंदियों की विशेष देखभाल, खानपान तथा पर्याप्त कपड़े उपलब्ध कराने के निर्देश जेल प्रशासन को दिये। इस मौके पर जेल अधीक्षक अशोक सागर, जेलर संतोष कुमार, डिप्टी जेलर पीयूष पाण्डेय एवं जेल पराविधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहे।

इसी प्रकार उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव विदुषी मेहा ने बाल संप्रेक्षण गृह में निरीक्षण एवं शिविर का आयोजन किया। शिविर में बाल सेवा योजना, लैगिंग अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम एवं किशोर न्याय (बालकों की देख-रेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के बारे में विस्तृत रुप से बताया गया। बाल-आपचारियों के रहन-सहन व खान-पान आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। बाल आपचारियों द्वारा किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई गयी। किसी के पास अधिवक्ता उपलब्ध न होने पर अधीक्षक बाल सम्प्रेक्षण गृह को पत्राचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। अधीक्षक ने जानकारी दी कि सभी के कोविड 19 से बचाव के लिए टीकाकरण कराया जा चुका है। अधीक्षक ने वैकल्पिक अंतरालों पर बाल संप्रेक्षण गृह में डाक्टर का विजिट होना बताया गया।

इस मौके पर अधीक्षक बाल सम्प्रेक्षण गृह वीर सिंह व अन्य स्टाफ तथा बाल अपचारीगण उपस्थित रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव जनपद चित्रकूट