बनारस ब्रेकिंग न्यूज़

बनारस के एसआई से 17 लाख की ठगी*

उत्तर प्रदेश (राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि) बनारस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर से बिहार के जालसाज बंधुओं ने 17 लाख रुपये ठग लिये। आरोपियों ने एसआई के बेटे को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। वहीं रेलवे में ठेका दिलाने के नाम पर प्रयागराज निवासी एक अन्य व्यक्ति से भी 1.5 लाख रुपये ठग लिये। पीड़ितों की तहरीर पर बलिया कोतवाली में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
प्रयागराज निवासी और वाराणसी के सिगरा थाने के एसआई इंद्रकांत मिश्र ने रविवार को बलिया कोतवाली में बिहार के दो भाइयों के खिलाफ 17.25 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि बिहार के रोहतास निवासी राजीव रंजन मिश्र ने खुद को सीनियर सेक्शन इंजीनियर बताते हुए एसआई के बेटे को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले दस लाख और फिर 7.25 लाख रुपये ले लिये। नौकरी नहीं लगने के बाद पैसे वापस करने के लिए आरोपी और उसके भाई आशुतोष मिश्र ने एसआई को बलिया के जनेश्वर मिश्र सेतु के पास रविवार को बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट नेशनल हेड राजेश कुमार मौर्य बनारस उत्तर प्रदेश भारत

सच आप तक जुड़े रहिए राष्ट्रीय दैनिक अखबार टीवी चैनल के साथ हर पल हर कदम पर👆👆👆