यूजीसी कानून समाज को बांटने की साजिश :भारतीय नमो संघ राष्ट्रीय अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। भारतीय नमो संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार तोमर उर्फ मन्नू भैया और राष्ट्रीय महामंत्री प्रशांत सिंह ने यूजीसी कानून के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन पदाधिकारियों ने इस कानून को “काला कानून”बताते हुए कहा कि यह उन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है।राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि यह कानून समाज को विभाजित करने की दिशा में ले जाने वाला है, जबकि उनका संगठन हमेशा एकता, सत्य और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।भारतीय नमो संघ के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि जब तक सरकार स्वयं इस कानून को वापस नहीं ले लेती, तब तक इसके खिलाफ आवाज उठाई जाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गहन अध्ययन करने, कानून की समीक्षा करने और आगे की रणनीति पर विचार करने की अपील की। उनका कहना था कि केवल किसी न्यायिक रोक से संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि विषय को पूरी समझ के साथ देखना आवश्यक है।उन्होंने भारतीय समाज की ऐतिहासिक एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों ने सदैव मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर