उत्तर प्रदेश (राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि)जौनपुर
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के सरायरैचंद गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के एक पोखरे में एक मजदूर का शव पाया गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार गौड़ (35) पुत्र धनु गौड़ निवासी सरायरैचंद थाना बक्शा जौनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 9 बजे गांव का ही एक व्यक्ति उसे खेत में काम के बहाने अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसका शव गांव के ही पोखरे में उतराया हुआ मिला।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि मजदूरी के पैसे को लेकर चल रहे विवाद के चलते उसकी हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया गया।
सूचना पर पहुंचे बक्शा थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह फतेहगंज चौकी प्रभारी सकलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
You must be logged in to post a comment.