राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकरनगर। जनपद के विकासखंड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार स्थित प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र एक बार फिर गंभीर लापरवाही के कारण चर्चा में है। यहां तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पर बच्चों के पोषण, देखरेख और सुरक्षा में भारी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।
घटना 9 अप्रैल 2026 की है, जब लगभग 4 वर्ष 5 माह की मासूम बच्ची रिमझिम को विद्यालय के एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि विद्यालय समय समाप्त होने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सहित समस्त स्टाफ बिना जांच-पड़ताल किए कमरे में ताला लगाकर चले गए। बच्ची करीब एक घंटे से अधिक समय तक कमरे में कैद रही।
परिजनों द्वारा बच्ची की तलाश के दौरान जब वे विद्यालय पहुंचे, तब ताला खुलवाकर उसे बाहर निकाला गया। इस घटना से परिजनों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर न तो बच्चों को नियमित पोषण आहार उपलब्ध कराया जाता है और न ही खेल सामग्री व शैक्षिक संसाधन दिए जाते हैं। कार्यकर्ती का अधिकांश समय मोबाइल फोन में व्यतीत होता है, जिससे बच्चों की देखरेख प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने इसे महज लापरवाही नहीं बल्कि मासूम बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बच्ची को बाहर न निकाला जाता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
परिजनों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत करते हुए दोषी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे केंद्र की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग उठाई है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करते हैं या मामला केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा।
You must be logged in to post a comment.