राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकर नगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भाजपा के स्थगित मंडलों का दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को प्रारंभ होकर रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।
अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के अकबरपुर नगर मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्य पद्धति विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि प्रत्येक संगठन एक निश्चित लक्ष्य को लेकर शुरू होता है और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एक सुदृढ़ कार्य पद्धति आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विस्तार और मजबूती के तीन प्रमुख आधार उसकी विचारधारा, कार्यपद्धति और मजबूत संगठनात्मक संरचना हैं। कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता, समन्वय और पारिवारिक भाव ही संगठन की ताकत है, जिसके बल पर भाजपा निरंतर राष्ट्र सेवा में अग्रसर है।
वहीं सैदापुर मंडल के समापन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकारें सभी वर्गों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रही हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने वैचारिक अधिष्ठान, जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव ने बूथ प्रबंधन, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने भाजपा का इतिहास एवं विकास, जिला मंत्री विनय पाण्डेय ने कार्य विस्तार तथा आईटी जिला संयोजक मनीष मिश्र ने सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम का संचालन अकबरपुर नगर मंडल अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, सैदापुर मंडल अध्यक्ष पंकज प्रजापति और कुर्की मंडल अध्यक्ष शशि द्विवेदी की देखरेख में किया गया।
You must be logged in to post a comment.