गाँव सभा की जमीन पर अवैध कब्जा, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। तहसील कर्वी क्षेत्र के मौजा अकबरपुर (ब)में गाँव सभा की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। शिकायत के बावजूद स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पीड़िता ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

मंदिर रोड भरतकूप निवासी मुनिया देवी ने आरोप लगाया कि उनके घर के पीछे रामपुर माफी सीसी रोड के किनारे स्थित गाटा संख्या 825, जो कि गाँव सभा की भूमि है, पर अवैध निर्माण तेजी से किया जा रहा है। उनका कहना है कि दबंगों द्वारा इस मूल्यवान जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए झगड़े पर आमादा हो गया। इससे उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हल्का लेखपाल और ग्राम प्रधान से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मुनिया देवी ने प्रशासन से मांग की है कि गाटा संख्या 825 की गाँव सभा भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, ताकि सरकारी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

रिपोर्टर पंकज सिंह राणा चित्रकूट

Leave a Reply