राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अंबेडकर नगर।
टांडा, अंबेडकर नगर में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय चिकित्सक डॉ. आतिफ (MBBS, MD – फिजिशियन एवं कंसल्टेंट) ने बताया कि इस समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लू का खतरा काफी अधिक हो गया है, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
डॉ. आतिफ के अनुसार, लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, क्योंकि यह समय सबसे ज्यादा खतरनाक होता है।
उन्होंने बताया कि शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। इसके लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी या ओआरएस का सेवन करें। गर्मी में प्यास न लगे तब भी समय-समय पर पानी पीते रहना जरूरी है, क्योंकि शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो सकता है।
डॉ. आतिफ ने आगे बताया कि हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाता से ढककर रखें, ताकि शरीर को सीधे धूप से बचाया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का अधिक ध्यान रखें, क्योंकि इन पर हीट वेव का असर जल्दी पड़ता है। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर, कमजोरी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत छांव में ले जाकर ठंडा करें और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी अस्पताल ले जाएं।
अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, हल्का और सुपाच्य भोजन करें तथा शरीर को ठंडा रखने के लिए पंखा, कूलर या एसी का उपयोग करें। सही सावधानी अपनाकर हीट वेव से बचाव संभव है।
पत्रकार -अरविन्द कुमार राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि टांडा अंबेडकर नगर।
You must be logged in to post a comment.