लिकोरिया बढ़ा, महिलाओं की सेहत पर बढ़ा खतरा : डॉ.वंदना शर्मा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि)  कानपुर। महिलाओं में लिकोरिया (सफेद पानी आना) की समस्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण अधिकतर महिलाएं इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देती हैं। एसपीएम हॉस्पिटल की संस्थापक और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ.वंदना शर्मा का कहना है कि यह समस्या कई बार सामान्य होती है, लेकिन इसके लक्षणों में बदलाव गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। समय रहते पहचान और उपचार न होने पर यह स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकती है।लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

डॉ.वंदना शर्मा के अनुसार, यदि सफेद पानी अधिक मात्रा में आए, उसमें दुर्गंध हो या इसके साथ खुजली, जलन, पेशाब में दर्द या संभोग के दौरान तकलीफ हो, तो यह सामान्य नहीं है। ऐसे लक्षण शरीर में संक्रमण की ओर इशारा करते हैं। कई मामलों में महिलाएं झिझक या शर्म के कारण डॉक्टर के पास नहीं जातीं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।

संक्रमण से लेकर हार्मोन तक,कई वजहें जिम्मेदार

डॉ.वंदना शर्मा ने बताया कि लिकोरिया के पीछे कई कारण हो सकते हैं। फंगल संक्रमण (कैंडिडा), बैक्टीरियल वेजिनोसिस, यौन संचारित संक्रमण, हार्मोनल बदलाव, मधुमेह और कमजोर इम्यूनिटी प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, लंबे समय तक एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन, गर्भनिरोधक गोलियों का असर और शरीर में पोषण की कमी भी इस समस्या को बढ़ावा देती है।

छोटी-छोटी सावधानियां दिला सकती हैं राहत

डॉ.शर्मा के मुताबिक, सही जीवनशैली अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है। रोजाना साफ और सूखे अंडरगारमेंट पहनना, टाइट और सिंथेटिक कपड़ों से दूरी बनाना और निजी अंगों की संतुलित साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही, सुगंधित या कठोर केमिकल वाले प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बचना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार लेना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।समय पर इलाज ही सबसे बड़ा बचाव

डॉ. वंदना शर्मा का स्पष्ट कहना है कि लिकोरिया हर बार यौन रोग नहीं होता, लेकिन इसे हल्के में लेना सही नहीं है। यदि समस्या बार-बार हो रही हो या लक्षण गंभीर हों, तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। सही समय पर जांच और उचित इलाज से यह समस्या आसानी से नियंत्रित की जा सकती है। महिलाओं को चाहिए कि वे झिझक छोड़कर अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply