उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। रामबाग पार्क स्थित नि:शुल्क विद्यालय में रविवार को सेवा और संवेदना की मिसाल देखने को मिली। लायंस क्लब ऑफ कानपुर विशाल की ओर से जरूरतमंद बच्चों को स्कूली बैग,कुर्सियां और खाद्य सामग्री वितरित की गई,जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।उपहार पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। उनकी मुस्कान और आंखों में झलकती उम्मीद इस पहल की सफलता बयां कर रही थी।विद्यालय की शिक्षिका नैंसी वर्मा ने कहा कि यह केवल वस्तुओं का वितरण नहीं,बल्कि बच्चों के सपनों को पंख देने का प्रयास है। ऐसे सहयोग से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित होते हैं।कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और संस्था के कार्यों की सराहना की।
संस्था के संस्थापक गौरव शास्त्री ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद समिति बच्चों को शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज का सहयोग मिलता रहा तो और अधिक बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाई जा सकेगी।संरक्षक पंडित सुशील शास्त्री ने भी सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए समाज से जरूरतमंद बच्चों के भविष्य निर्माण में सहयोग की अपील की।इस अवसर पर भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपा मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला,सुजीत, कृष्णा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर