हक नहीं तो पढ़ाई नहीं: शिक्षकों की हुंकार से गूंजा DIOS कार्यालय
शोषण के खिलाफ बगावत: सैकड़ों शिक्षकों ने प्रशासन को घेरा
राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकरनगर। उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) अंबेडकरनगर के बैनर तले प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय पर जोरदार एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 व 21 की वापसी, वित्त विहीन शिक्षकों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन, वंचित तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, व्यावसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक दर्जा देने सहित प्रदेश स्तरीय 6 मांगों और जनपद स्तरीय समस्याओं में एनपीएस कटौती राशि के अद्यतन अंतरण सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रदेश स्तर की 6 मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए DIOS के माध्यम से प्रेषित किया गया, जबकि जनपद स्तरीय 11 बिंदुओं का मांग पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी को सौंपा गया। DIOS ने जनपदीय लंबित समस्याओं के एक सप्ताह के भीतर समाधान का आश्वासन दिया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत है और किसी भी शिक्षक का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत शिक्षकों की एकता में है, जिसका परिणाम है कि विगत अगस्त माह के धरने के बाद वर्षों से लंबित एरियर सहित कई समस्याओं का समाधान संभव हो सका, जो संगठन के इतिहास में दर्ज है।
इस दौरान मंच से एक कड़ा संदेश भी दिया गया—
“कड़वी सच्चाई यही है—धरने के समय आधे लोग गायब रहते हैं, लेकिन जैसे ही लाभ मिलने की बारी आती है, सबसे आगे लाइन में वही लोग खड़े दिखते हैं। यह दोहरी मानसिकता अब नहीं चलेगी। अधिकार चाहिए तो संघर्ष में भी बराबर की भागीदारी निभानी होगी, सिर्फ फायदा उठाने के लिए आगे आना बंद करना पड़ेगा।”
जिलामंत्री श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए युवा शिक्षकों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि माननीय ध्रुव कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में चयन बोर्ड की धारा 18 व 21 की वापसी शीघ्र सुनिश्चित होगी।
कोषाध्यक्ष श्याम मोहन पटेल ने भी एकता पर जोर देते हुए कहा कि संगठित शक्ति से ही कठिन से कठिन लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
धरने का संचालन जिलामंत्री श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अवनीश तिवारी, आनंद दूबे, सभाजीत वर्मा, कमलेश वर्मा, डॉ. विपिन तिवारी, संदीप वर्मा, सत्येंद्र मिश्रा सहित जनपद के सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।