खुशियों का अनोखा जश्न, बच्चों की मुस्कान बना सबसे बड़ा तोहफा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पी रोड स्थित रामबाग पार्क शुक्रवार को खुशियों, मुस्कान और अपनत्व का केंद्र बना रहा। यहां धर्म प्रसार जन कल्याण समिति द्वारा संचालित निशुल्क विद्यालय में विद्यांशी और प्रिंस का जन्मदिन जरूरतमंद बच्चों के साथ अनोखे अंदाज में मनाया गया। यह आयोजन सिर्फ जन्मदिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के उन बच्चों के लिए यादगार पल बन गया, जो आर्थिक अभाव के चलते ऐसे उत्सवों से अक्सर दूर रह जाते हैं।विद्यालय परिसर में जैसे ही केक काटा गया, बच्चों की तालियों और किलकारियों से पूरा माहौल गूंज उठा। बच्चों ने जन्मदिन गीत गाकर विद्यांशी और प्रिंस को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मिठाइयां और केक बांटकर सभी ने मिलकर खुशियां साझा कीं। बच्चों के चेहरों पर दिख रही मुस्कान और उत्साह ने कार्यक्रम को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।

संस्था के संस्थापक गौरव शास्त्री ने बताया कि धर्म प्रसार जन कल्याण समिति वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। विद्यालय में शिक्षा के साथ खेलकूद, नैतिक संस्कार और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि बच्चे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि कई बच्चे अपना जन्मदिन नहीं मना पाते या ऐसे अवसरों की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। इसी सोच के साथ संस्था सामूहिक रूप से जन्मदिन मनाने की पहल करती है, जिससे बच्चों को अपनापन, सम्मान और खुशी का एहसास हो सके।
कार्यक्रम के अंत में गौरव शास्त्री ने समाज से बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा, “पढ़ेगा इंडिया, तभी आगे बढ़ेगा इंडिया।” इस मौके पर उपाध्यक्ष भूपेंद्र साह, कृष्णा, सुजीत कुमार, अरविंद समेत संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply