उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। रसूलाबाद राजकीय हाईस्कूल जोत के प्रधानाचार्य देशराज दिवाकर की पदोन्नति ने विद्यालय और क्षेत्र में नई चर्चा छेड़ दी है। शिक्षा व्यवस्था में बेहतर कार्य और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले दिवाकर को उत्तर प्रदेश समूह ‘ख’ शैक्षिक राजपत्रित सामान्य शिक्षा संवर्ग सेवा के उच्चतर पद पर पदोन्नति मिली है।लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश प्रयागराज की विभागीय चयन समिति की संस्तुति और राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह पदोन्नति स्वीकृत की गई। सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षक, छात्र और अभिभावकों ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया।देशराज दिवाकर लंबे समय से विद्यालय में शैक्षिक माहौल को मजबूत करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के प्रयासों से जुड़े रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार उनके कार्यकाल में विद्यालय में अनुशासन और नियमित शैक्षिक गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। यही वजह रही कि उनकी कार्यशैली क्षेत्र में अलग पहचान बना सकी।विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि प्रधानाचार्य दिवाकर हमेशा टीम भावना के साथ कार्य करते हैं और छात्रों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनकी पदोन्नति को मेहनत,लगन और जिम्मेदार नेतृत्व का परिणाम माना जा रहा है।पदोन्नति की खबर के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कई अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय में आए सकारात्मक बदलावों ने बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन पर अच्छा असर डाला है। उन्हें उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी में भी दिवाकर शिक्षा क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल एक अधिकारी की पदोन्नति नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में बेहतर कार्य करने वालों के लिए प्रेरणा का संदेश भी है। जोत विद्यालय के लिए यह अवसर सम्मान और नई उम्मीद दोनों लेकर आया है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर