उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को लेकर वंचित समाज की आवाज सोमवार को शहनाई गेस्ट हाउस में आयोजित सामाजिक भागीदारी महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुखर दिखाई दी। वंचित समाज लोक कल्याण महासमिति (राष्ट्रीय संगठन) के इस आयोजन में देश के नौ राज्यों और उत्तर प्रदेश के 52 जनपदों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न मांगों पर एकजुटता दिखाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी और विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य सुरेश अवस्थी रहे। भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी, राकेश सिद्धार्थ सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। अतिथियों का संगठन की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी ने कहा कि वंचित समाज को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं, बल्कि नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भी उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। इस दौरान उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के गठन, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने, बांस शिल्प कला आयोग/बोर्ड की स्थापना, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र सीधी भर्ती तथा बसोर, बरार, वंशकार, बांसफोर, वाल्मीकि और धरकार समाज को आयोगों, निगमों एवं बोर्डों में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई। साथ ही आबादी के अनुपात में विधानसभा, राज्यसभा और विधान परिषद में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई।
महासमिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों ने इन प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन किया। समापन पर समाजसेवा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर