निशात बाग के जलभराव पर गरजी बीआरपी, प्रशासन से आर-पार की तैयारी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि)  अलीगढ़। निशात बाग क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या अब राजनीतिक मुद्दा बनती नजर आ रही है। भारतीय रक्षक पार्टी (बीआरपी) की जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष सागीर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से जल्द समाधान कराने की रणनीति बनाई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

बैठक में सागीर अहमद ने कहा कि सड़क पर लगातार जलभराव रहने से स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और प्रभावी कार्रवाई की मांग करेगा।

जनसमस्याओं पर संघर्ष जारी रहेगा

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताई और कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने हर वार्ड और मोहल्ले की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक में राशिद अल्वी, सलमान, नदीम, दानिश, शहजाद, हफीज़, अकील, सुभान, श्यान, इमरान, इस्माइल, साबिर और फुरकान सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

जल्द सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष सागीर अहमद ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रक्षक पार्टी अलीगढ़ की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी और जलभराव जैसी बुनियादी समस्याओं के निस्तारण तक संघर्ष जारी रहेगा।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply