उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर देहात। राजकीय इंटर कॉलेज टिकन में मंगलवार का दिन नई उम्मीदों और नए संकल्पों के नाम रहा। विद्यालय को नए प्रधानाचार्य के रूप में देश राज (पीईएस) मिले। कार्यभार संभालते ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकता केवल बेहतर परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अनुशासित, संस्कारित और आत्मविश्वासी विद्यार्थियों का निर्माण करना भी होगी।
वीजेबी राजकीय इंटर कॉलेज, परौख के प्रधानाचार्य विमल कुमार अग्निहोत्री (पीईएस) ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा। विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। नए प्रधानाचार्य के आगमन से पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद देश राज ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम भी है। इसलिए पढ़ाई के साथ अनुशासन, समयपालन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समान महत्व दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
देश राज ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की टीम भावना ही किसी भी विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत होती है। सामूहिक प्रयास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नवाचार के जरिए विद्यालय को जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर छात्र की प्रतिभा को निखारने के लिए अनुकूल शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रवक्ता संजीव सिंह चौहान, पीटीआई विशाल शुक्ला, शिक्षक शरद पोरवाल, विनोद कुमार, वरिष्ठ सहायक अमित सिंह सहित शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने नए प्रधानाचार्य का स्वागत किया। कार्यक्रम में भारती जी, केशव तिवारी, विजय सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। नए प्रधानाचार्य के आगमन से विद्यालय परिवार को बेहतर शैक्षणिक माहौल और नई उपलब्धियों की उम्मीद बंधी है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर