उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से भारतीय रक्षक पार्टी ने शहर में सघन पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी की उच्चस्तरीय बैठक में तय किया गया कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा ने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और संबंधित समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को निःशुल्क एलोपैथिक चिकित्सकीय सलाह, डॉ. कुलदीप मिश्रा द्वारा निःशुल्क होम्योपैथिक परामर्श तथा विशेषज्ञों की ओर से निःशुल्क कानूनी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा नागरिकों को विशेष हेल्पलाइन मोबाइल नंबर भी दिए जाएंगे, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर वे घर बैठे चिकित्सकीय और कानूनी परामर्श प्राप्त कर सकें।
अमित शुक्ला ने कहा कि भारतीय रक्षक पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की समस्याओं में सहयोग करना और जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना भी है।
बैठक में कानपुर जिलाध्यक्ष अनुज पांडे, वार्ड अध्यक्ष आनंद, कार्यकर्ता सुजीत, कृष्णा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर