उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मेहनत, ताकत और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर सेवायोजन विभाग के मनीष मिश्रा ने पावरलिफ्टिंग में एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है। गाजियाबाद के महामाया स्टेडियम में 24 और 25 अगस्त को आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में मनीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों से करीब 48 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में प्रतिभाग किया। 120 किलोग्राम भारवर्ग में उतरे मनीष ने कुल 535 किलोग्राम वजन उठाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। उनके दमदार प्रदर्शन के आधार पर दिसंबर में होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में उनका चयन हुआ है।
मनीष की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह लगातार चौथी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना उनके अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
मनीष ने अपनी सफलता का श्रेय कोच राहुल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास को दिया। उनकी उपलब्धि पर असिस्टेंट डायरेक्टर (सेवायोजन) उज्जवल कुमार सिंह, दक्षिणेश्वर बाल हनुमान मंदिर के महंत अरविंद कुमार शुक्ला, जिला सेवायोजन अधिकारी निधि वर्मा और कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सौरभ गौर समेत खेलप्रेमियों ने बधाई दी। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मनीष से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.