उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) सफीपुर। स्कूल की घंटी समय पर बजे, कक्षाओं में पढ़ाई तय समय-सारिणी से हो और बच्चे निपुणता की कसौटी पर खरे उतरें—इन्हीं मुद्दों को लेकर गुरुवार को ब्लॉक सभागार में बीईओ-एचटी बैठक हुई। खंड शिक्षा अधिकारी मनीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया।खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधान शिक्षकों से कहा कि सहायक शिक्षकों के बीच काम का स्पष्ट और उनकी रुचि के अनुसार विभाजन किया जाए। हर माह शिक्षकों के साथ बैठक कर पढ़ाई की प्रगति की समीक्षा की जाए। प्रस्तावित निपुण विद्यालय आकलन को लेकर अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। रीडिंग कैम्पेन, एलबीड़ी गतिविधियों और कैचअप शिक्षण को भी गति देने को कहा गया।विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी बैठक में विशेष जोर रहा। मानक के अनुसार एमडीएम, पंजिकाओं का समयबद्ध रखरखाव, ऑनलाइन पोर्टल का डिजिटलीकरण, साफ-सफाई और घंटी के नियमित इस्तेमाल के निर्देश दिए गए। जर्जर भवन में कक्षाएं न चलाने और प्रार्थना सभा को ज्ञानवर्धक बनाने के साथ विद्यार्थियों से नियमित समाचार पत्र का वाचन कराने पर भी जोर दिया गया।एआरपी पीयूष त्रिवेदी ने निपुण आकलन, बालवाटिका, पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनल, आईईसी सामग्री और कैचअप शिक्षण पर जानकारी दी। एआरपी रीतु त्रिवेदी ने इंस्पायर मानक अवार्ड, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा, नामांकन बढ़ाने और संचारी रोगों से बचाव के बारे में बताया।एआरपी रविकेश ने दीक्षा एप, शिक्षक डायरी, निपुण तालिका और कार्यपुस्तिकाओं के नियमित उपयोग की जानकारी दी। एआरपी बलवीर सिंह ने स्मार्ट क्लास, बैगलेस डे, आईसीटी लैब, बेसलाइन आकलन और संदर्शिकाओं के प्रयोग पर चर्चा की। बैठक के अंत में बीईओ ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.