उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मैनावती मार्ग स्थित ख्योरा के उजियारी देवी मंदिर परिसर में मेरा परिवार मेरा स्वाभिमान सेवा ट्रस्ट की ओर से संचालित उजियारी देवी पाठशाला में सावन कजरी एवं निःशुल्क मेहंदी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन के लोक रंग और परंपराओं की मनोहारी झलक देखने को मिली।
पाठशाला की नन्हीं बच्चियों खुशी, वैष्णवी, अनुष्का, अनन्या और मानवी ने महिलाओं के हाथों पर आकर्षक मेहंदी रचाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। बच्चियों की प्रतिभा देखकर महिलाओं ने उनका उत्साह बढ़ाया। समाजसेविका अनूप्रिया दोशी ने महिलाओं को श्रृंगार स्वरूप गजरा और चूड़ियां वितरित कीं।
कार्यक्रम में कजरी लोकगीतों की मधुर धुनों पर महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य किया। इससे पूरा परिसर सावन के उल्लास से सराबोर हो गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और भारतीय लोक संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ाना रहा।
प्रबंधक प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन वंचित बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उन्हें सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी मदद करते हैं। कार्यक्रम में संचालक ददन मिश्रा, अरुण कुमार त्रिपाठी, जय प्रकाश साहू, शुभम श्रीवास्तव, पुष्पा शुक्ला, गीता शुक्ला, उषा देवी, आशा गंगवार समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं मौजूद रहीं।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर