पिता की मौत से थमी ध्रुव की पढ़ाई, विवेक मौर्य ने उठाया आजीवन शिक्षा का जिम्मा
जरूरतमंद राजभर परिवार के लिए बने सहारा, स्कूल ड्रेस व पठन सामग्री की भी कराई व्यवस्था
राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अकबरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। उन्होंने जरूरतमंद राजभर परिवार की मदद के लिए आगे बढ़ते हुए पिता की मौत के बाद पढ़ाई से वंचित हुए 10 वर्षीय ध्रुव राजभर की आजीवन शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के मरुई ताजपुर निवासी बद्रीनाथ राजभर का विगत दिनों पैरालिसिस अटैक के चलते निधन हो गया था। बद्रीनाथ मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे और उनकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके निधन के बाद परिवार में पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र ध्रुव राजभर रह गए। परिवार में कोई कमाने वाला सदस्य न होने के कारण कक्षा पांच में पढ़ने वाले ध्रुव की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई और आर्थिक मजबूरी के चलते उसकी शिक्षा रुक गई। मामले की जानकारी नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य को हुई तो उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने ध्रुव से उसकी पढ़ाई और भविष्य के बारे में बातचीत की। बच्चे में पढ़ाई के प्रति लगन देखकर विवेक मौर्य ने उसकी शिक्षा की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया और भरोसा दिलाया कि धनाभाव के कारण अब उसकी पढ़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही ध्रुव के लिए स्कूल ड्रेस और पठन-पाठन सामग्री की व्यवस्था की तथा निकट के विद्यालय में उसके प्रवेश की भी व्यवस्था कराई। नंदिनी की पढ़ाई का भी उठाया है जिम्मा
विवेक मौर्य इससे पहले सिझौली निवासी राकेश प्रजापति के निधन के बाद उनकी बेटी नंदिनी प्रजापति की शिक्षा की जिम्मेदारी भी उठा चुके हैं। नंदिनी में पढ़ाई के प्रति लगन देखकर उन्होंने भाई होने का धर्म निभाते हुए उसकी आजीवन शिक्षा का खर्च उठाने का संकल्प लिया था। इसके अगले ही दिन नंदिनी का सैनिक स्कूल में प्रवेश कराने के साथ ही पूरे वर्ष की फीस भी जमा कराई गई थी। विवेक मौर्य ने नंदिनी को भरोसा दिलाया था कि धनाभाव के कारण उसकी पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी जाएगी और वह जब तक पढ़ना चाहेगी, एक भाई के रूप में उसके साथ खड़े रहेंगे।
21 बेटियों का सामूहिक विवाह, 90 से अधिक बेटियों की मदद
नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य द्वारा अकबरपुर क्षेत्र में समय-समय पर सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्य किए जाते रहे हैं। पूर्व में जिला मुख्यालय अकबरपुर में गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वृहद सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कराया गया था, जिसमें 21 बहनों का पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली गृहस्थी की सामग्री एवं आभूषण भी उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विवेक मौर्य अपने व्यक्तिगत प्रयासों से अब तक 90 से अधिक बहन-बेटियों के विवाह में गृह उपयोगी वस्तुओं तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुके हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय फाउंडेशन
नारायण फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कार्य कर रहा है। जनपद में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के दौरान बाहरी जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क ठहरने, भोजन तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था भी फाउंडेशन की ओर से की जाती रही है।
फाउंडेशन का प्लास्टिक मुक्त अभियान भी जनपद में चर्चा का विषय रहा है। अभियान के तहत पूरे अंबेडकरनगर जिले में 25 हजार जूट बैग वितरित किए जा रहे हैं। वहीं भीषण गर्मी के दौरान सड़कों के किनारे फल-सब्जी विक्रेताओं, मोची तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को धूप से राहत दिलाने के लिए विभिन्न स्थानों पर बड़े आकार के 1100 छातों का वितरण भी किया गया।
नारायण फाउंडेशन का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर किसी भी छात्र को पठन सामग्री के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े, गरीब बेटियों के विवाह में आर्थिक समस्या बाधा न बने, क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े, इसके लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है।