बाबा बर्फानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन को उमड़ी आस्था

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। शिवपुरी रोशन नगर स्थित श्री ऊजागेश्वर शिव मंदिर शनिवार को भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया। गणेश महोत्सव के तहत मंदिर में बाबा श्री ऊजागेश्वर महाराज का भव्य शृंगार किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में करीब 11 फीट ऊंचे बाबा बर्फानी के स्वरूप में शिवलिंग सजाया गया। बाबा बर्फानी के दिव्य और मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। जैसे ही श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के भव्य स्वरूप के दर्शन किए, पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव को जल, पुष्प और बेलपत्र अर्पित किए। किसी ने सुख-शांति की प्रार्थना की तो किसी ने अपने परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।
मंदिर में ऐसा लगा मानो स्वयं बाबा बर्फानी भक्तों को आशीर्वाद देने विराजमान हों। विशाल शिवलिंग के दर्शन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह रहा। श्रद्धालु कुछ देर तक बाबा के दिव्य स्वरूप को निहारते रहे।
आयोजन समिति के आयोजक अनुज मिश्रा (एड.) और शिव श्रीवास्तव का सम्मान किया गया। श्रीरामलीला सुंदरकांड मंडल समिति की ओर से कैलाश जी, अखिलेश राठौर (एड.) और समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक बाथम मौजूद रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आस्था की त्रिवेणी देखने को मिली।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply