जैब-सिया ने हैंडबाल में मचाया धमाल, आरव-आरुष ने उठाया सोना

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में चल रहे बेबी गेम्स में नन्हे खिलाड़ियों का उत्साह लगातार रंग जमा रहा है। बुधवार को तीसरे दिन हैंडबाल, वेटलिफ्टिंग, जिम्नास्टिक, स्केटिंग और शतरंज में बच्चों ने पूरे जोश के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। कम उम्र के खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ आत्मविश्वास और अनुशासन का भी शानदार प्रदर्शन किया।

हैंडबाल के ढाई से साढ़े चार वर्ष आयुवर्ग में मो. जैब की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। बालिका वर्ग में सिया की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। मिश्रित टीम वर्ग में श्याम नगर की सुघर सिंह अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता।
वेटलिफ्टिंग में नन्हे खिलाड़ियों ने ताकत का जोर दिखाया। आरव, वर्धा, माह, आरुष और आर्यन ने अपने-अपने आयुवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
जिम्नास्टिक में गुरनूर, अभय, अद्विका, आरव, नंदिनी और आदित्य ने विभिन्न आयुवर्ग में संतुलन, लचक और कलाबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। सभी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।
स्केटिंग में भी बच्चों ने रफ्तार का रोमांच दिखाया। जूनियर वर्ग में विहान, विवेक, लक्की और रुद्रांश ने तेज गति से प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीते।
वहीं शतरंज में मुकाबले शांत लेकिन बेहद रोमांचक रहे। खिलाड़ियों ने एकाग्रता और रणनीति के दम पर बाजियां अपने नाम कीं। सौनक दीक्षित, दृषा अग्रवाल, उत्कर्ष मिश्रा और अक्षिता तिवारी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। तीसरे दिन की प्रतियोगिताओं में बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने माहौल को खास बना दिया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply