अब रोबोटिक्स से विज्ञान सीखेंगे खेरिया कॉलेज के विद्यार्थी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेरिया सनातन धर्म इंटर कॉलेज में शनिवार को रोबोटिक्स एवं एसटीईएम लैब का उद्घाटन आईआईटी कानपुर के प्रो. जे. रामकुमार ने किया। लैब में विद्यार्थी विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के सिद्धांतों को प्रयोगों के जरिए समझ सकेंगे।

प्रो. रामकुमार ने लैब की सुविधाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को सवाल पूछने, प्रयोग करने तथा नए समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा में किताबी ज्ञान के साथ वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना जरूरी है।
विद्यालय के अध्यक्ष सुभाष खेरिया और प्रबंधक डॉ. कमल किशोर गुप्ता ने कहा कि लैब विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मददगार होगी।
प्रधानाचार्या सुमन चंदोला ने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षा से विद्यार्थियों को नई तकनीक समझने, परियोजनाएं तैयार करने और अनुसंधान में रुचि विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस पहल के लिए विद्यालय प्रबंधन के सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में लैब प्रभारी शिवम सिंह चौहान, शिक्षिकाएं अनीता और शैव्या मौजूद रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि लैब विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply