राजस्थान (दैनिक कर्मभूमि)
जयपुर. राजधानी जयपुर के अजमेर रोड स्थित केसीसी नगर में गुरुवार को एक घर में करीब 6 फीट जहरीला कोबरा घुस गया. घर में कोबरा सांप नजर आते ही पूरे परिवार के लोगों के होश फाख्ता हो गए और दहशत फैल गई. पूरा परिवार असमंजस में था एक तरफ बाहर लॉकडाउन है, तो घर के अंदर कोबरा. कोई सहायता करने वाला भी नहीं था. ऐसे में वे जाएं तो जाएं कहां और करें तो करें क्या? करीब 10 बजे सांप को पकड़ा जा सका. इस दौरान 4 घंटे पूरा परिवार बेहाल रहा.
जानकारी के अनुसार, केसीसी नगर में विजय शर्मा के घर में कोबरा सांप घुस गया. सुबह करीब 6 बजे शर्मा के परिवार ने सांप को घर में घूमते देखा तो वे लोग सकते में आ गए. परिवार के लोग परेशान हो गए कि आखिर उससे बचने लिए क्या किया जाए? कोबरा किसी एक जगह रुक कर भी नहीं बैठा, बल्कि पूरे मकान में इधर से उधर घूमने लगा. लॉकडाउन के कारण परिवार का कोई भी सदस्य बाहर नहीं जा पाया और अंदर कोबरा ने धड़कनें बढ़ा रखी थीं. ऐसे में परिवार ने सुरक्षा के लिए खुद को एक कमरे में लॉक कर लिया.
रेस्क्यू टीम पर भी हमला करने की कोशिश
बाद में विजय शर्मा ने वन विभाग को इसकी सूचना दी. इस पर विभाग ने जयपुर में जहरीले जीवों का रेस्क्यू कर रही होप एंड बियोंड की टीम के विशेषज्ञ डॉक्टर जॉय गार्डनर और अभिषेक सिंह को मौके पर भेजा. उन्होंने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कोबरा को पकड़ा. रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने कई बार रेस्क्यू टीम पर भी हमला करने की कोशिश की.
‘
काट लेता तो आधा घंटे में मौत तय’
जॉय गार्डनर ने बताया कि कोबरा भारत के सबसे ज़हरीले सांपों में शामिल है. अगर वो किसी को काट लेता तो बिना इलाज आधे घंटे में ही उसकी जान जानी तय है. फिलहाल कोबरा को पकड़कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है. कई घंटों दहशत में रहने के बाद अब पीड़ित परिवार भी पूरी तरह सुरक्षित हैं.
रोज़ाना 7 से 8 सांप निकल रहे
रेस्क्यू एक्सपर्ट अभिषेक सिंह ने बताया कि लॉकडाउन में वे राजधानी जयपुर में रोज़ाना 7 से 8 ज़हरीले सांप का रेस्क्यू कर रहे हैं. सुनने में ये ज़्यादा लगता है, लेकिन आम दिनों में कई एनजीओ ये काम करते हैं, इसलिए पता नहीं लगता है. इन दिनों केवल उन्हें ही रेस्क्यू पास बनाकर दिया गया है, इसलिए इतनी तादाद का पता चल पा रहा है.
रिपोर्ट – कुलदीप सिंह सिरोहीया राजस्थान