उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) बहराइच,14 फरवरी 2021 तेंदुए के हमले के बाद वन विभाग की टीम प्रहलाद गांव में डेरा जमाए हुए है। वन विभाग ने तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरा लगा दिया है। सरसों के खेत के निकट एक पिंजड़ा भी लगाया गया है। खेत के चारों ओर जाल भी लगाया गया है। वनकर्मियों की टीम बराबर निगरानी में जुटी हुई है। बहराइच वन प्रभाग के रुपईडीहा रेंज अंतर्गत प्रहलाद गांव निवासी किसान तिलकराम पर गुरुवार को तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुए के हमले की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वनकर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी। वन विभाग ने देर शाम एक पिंजड़ा भेजा। जिसे सरसों के खेत के निकट ही लगा दिया गया है। उसमें एक बकरी को बांधकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। वहीं, तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी रुपईडीहा अनूप कुमार बाजपेई की अगुवाई में वनकर्मियों की टीम ने खेत के चारों ओर जाल भी लगा दिया है। तेंदुए के पकड़ में नहीं आने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वन रक्षक ब्रह्मादत्त ने बताया कि शनिवार रात 12 बजे के करीब रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। मगर तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी। सुबह होने के बाद उसकी तलाश की गई। इसके बावजूद उसकी कोई हलचल नहीं मिली है।
रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली
You must be logged in to post a comment.