सड़क पर खड़े ट्रक में घुसी बाइक, पीओपी कारीगर की मौत ट्रक चालक को वाहन समेत लिया हिरासत में

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) खेतासराय। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर पेट्रोलपंप के पास बीती रात आधी सड़क पर खड़ी एक ट्रक में बाइक सवार एक युवक वाहन समेत घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने वाहन समेत गुरैनी के पास पकड़ लिया।

खेतासराय थाना के मानीकला गांव निवासी 35 वर्षीय गब्बर गौतम पुत्र फिरतू गौतम मकानों में पीओपी का काम करता था।
मंगलवार को गब्बर बाइक से दक्षिणपट्टी गांव भाई की ससुराल एक शादी में गया था। बीती रात्रि में घर वापस लौटते समय जपटापुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने आधे सड़क पर खड़़ी ट्रक में पीछे से बाइक समेत घुस गया।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर शाहगंज की तरफ निकल गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस गब्बर को जिला अस्पताल ले गई। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। खेतासराय पुलिस को सूचना देते हुए सरायख्वाजा पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। गुरैनी में चालक समेत ट्रक को पकड़ लिया गया। मृतक को एक तीन साल की बेटी है। पत्नी सीमा देवी पति की मौत के सदमे से अपना सुध बुध खो बैठी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

एडिटर अभिषेक शुक्ला जौनपुर