राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अंबेडकरनगर।
बढ़ती गर्मी व लू ने लोगों को परेशान कर दिया है। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। लू और गर्मी की चपेट में आने से मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है, लेकिन इलाज कराने के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय में धक्के खाना पड़ रहा है। बाराबंकी में उप मुख्यमंत्री व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण के बाद भी मंगलवार को यहां की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिखा। पर्ची पटल से लेकर सर्जन कक्ष तक मरीजों की भीड़ गुत्थमगुत्था थी। वार्डों तक पेयजल का इंतजाम नहीं होने से तीमारदारों को बोतल में पानी लेकर जाना पड़ रहा है।जिला चिकित्सालय की ओपीडी में रोजाना 1000 से 1200 मरीजों का पंजीकरण हो रहा है, लेकिन यहां पर्ची पटल की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है। इससे मरीजों व तीमारदारों की पर्ची बनवाने में ही हालत खराब हो जाती है। इसके साथ ही चिकित्सकों को दिखाने में भी जोर आजमाइश करनी पड़ती है। मंगलवार को जागरण टीम ने जिला चिकित्सालय की पड़ताल की तो व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिखा। जबकि, बीते सोमवार को ही विभागीय मंत्री ब्रजेश पाठक ने बाराबंकी जनपद के जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्था की कलई खोली थी। इसका भी असर यहां नहीं दिखा। पर्ची पटल पर पूर्वाह्न 11:30 पर तीन कतारों में महिलाएं, बुजुर्ग लाइन में लगे रहे। इसके बाद सर्जन कक्ष के बाहर डा. विजय तिवारी को दिखाने के लिए मरीजों की भीड़ उमड़ी रही।पेयजल की व्यवस्था चरमराई : चिकित्सालय के मुख्य द्वारा पर वाटर कूलर लगाकर जाली से सुरक्षित तो कर दिया गया है, लेकिन उसमें पानी की आपूर्ति नहीं है। सरकारी हैंडपंप भी खराब पड़ा हुआ है। इमरजेंसी वार्ड के द्वार पर लगा वाटर कूलर ही हजारों मरीजों को पानी पिला रहा है। वार्डों के बाहर लगे आरओ पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। तीमारदार बोतल में पानी भरकर वार्डों तक ले जाने को विवश हैं।लू से बचें और बीमार होने पर डाक्टर को दिखाएं : चिकित्सालय के फिजिशियन डा. योगेश वर्मा ने बताया कि धूप में शरीर को खुला न रखें। सिर अवश्य ढंके रहें। अचानक ठंडी जगह से एकदम गर्म जगह पर जाने से बचें। ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। लू लगने पर तत्काल डाक्टर को दिखाना चाहिए। बुखार तेज होने पर रोगी को ठंडी खुली हवा में आराम करना चाहिए। डा. वर्मा ने बताया कि इस मौसम में बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें और समय-समय पर पानी जरूर पिलाते रहें। खराब वाटर कूलर की मरम्मत कराई जाएगी, वार्डों तक पानी पहुंचाने के लिए और वार्डों के बाहर जल्द ही आरओ लगाया जाएगा।
रिपोर्ट अरविंद कुमार राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि टांडा अंबेडकर नगर
You must be logged in to post a comment.