अन्त्योदय कार्डधारकों के निःशुल्क बन रहे आयुष्मान कार्ड

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: अंत्योदय लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 20 जुलाई तक विशेष अभियान अन्त्योदय आयुष्मान पखवारा चल रहा है। इसकी शुरुआत पांच जुलाई को हो चुकी है। अभियान में लाभार्थियों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ भूपेश द्विवेदी ने दी है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ भूपेश द्विवेदी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारक को एक साल में पांच लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज मिलता है। ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। लक्षित लाभार्थियों की सूची ग्राम/वार्डवार सरकारी राशन के दुकानदारों (कोटेदारों) को उपलब्ध करा दी गयी है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि उनके गाँव/वार्ड के सभी अन्त्योदय लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करें। लक्षित लाभार्थियों की सूची ग्राम सभा/वार्ड के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराई जाए। इसके साथ स्थानीय आशाओं को भी यह सूची उपलब्ध करा दी जाए। सम्बंधित आशा द्वारा कैम्प की निर्धारित तिथि के पूर्व चिन्हित लाभार्थी परिवारों को कैम्प स्थल के सम्बन्ध में जानकारी दी जाएगी। लाभार्थियों को यह भी बताएं कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और राशन कार्ड कैम्प स्थल पर ले जाना अनिवार्य है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि प्रयास रहेगा कि अभियान में प्रत्येक अन्त्योदय कार्डधारक परिवार के अधिक से अधिक सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बन जाए।

——-यहाँ लगेंगे कैम्प——-

सीएमओ के मुताबिक कैम्प का आयोजन राशन की दुकान, किसी सार्वजनिक स्थल जैसे पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आंगनबाडी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय में किया जा रहा है। यदि किसी गाँव/वार्ड में लक्षित लाभार्थियों की संख्या 50 से अधिक है तो वहां पर एक से अधिक कैम्प लगाए जाएंगे।

—-मिलेगी प्रोत्साहन राशि—-

लक्षित परिवारों को प्रेरित करते हुए कैम्प में लाने और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आशा को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लक्षित परिवार में कम से कम एक आयुष्मान कार्ड बनवाने पर पांच रुपए तथा एक परिवार में एक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने पर प्रति परिवार 10 रूपए प्रोत्साहन राशि मिलेगी। अभियान के बाद कुल आयुष्मान कार्ड की संख्या के आधार पर आशा/आरोग्य मित्रों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष रूप से लगाए गए आरोग्य मित्र या अन्य विभाग के कम्प्यूटर आपरेटर को लक्षित परिवार में कम से कम एक आयुष्मान कार्ड बनवाने पर पांच रुपए तथा एक परिवार में एक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने पर प्रति परिवार 10 रूपए प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट