*अनिल कुमार निलय को मिला सोहन लाल द्विवेदी स्मृति सम्मान*  

उत्तर प्रदेश(दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: आठवें अन्तर्राष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन केबी हिन्दी सेवा न्यास द्वारा बदाऊँ (उप्र) के आरके इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया।

समारोह में धर्मनगरी चित्रकूट के खुटहा गाँव में जन्मे और वर्तमान में राजकीय हाईस्कूल सराय आनादेव प्रतापगढ़ के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं साहित्यकार अनिल कुमार निलय को सोहन लाल द्विवेदी स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मूल्यांकन आधारित सम्मान का श्रेय बाल कहानी संग्रह स्टूडेंटनामा को जाता है। कार्यक्रम में यूएसए निवासी इंद्रजीत शर्मा उपस्थित रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ मिथलेश दीक्षित ने किया।

अनिल कुमार निलय के दो बाल कहानी संग्रह लाॅकडाउन पाॅजिटिव एवं स्टूडेंटनामा प्रकाशित हो चुके हैं। दोनो कहानी संग्रहों को हिन्दुस्तानी एकेडेमी प्रयागराज उत्तर प्रदेश द्वारा युवा लेखन सम्मान (राज्य पुरस्कार) के लिए चयनित किया गया है। अनिल कुमार की कहानी प्री बोर्ड को आस्ट्रेलिया की अन्तर्राष्ट्रीय ई पत्रिका सृजन आस्ट्रेलिया में स्थान प्राप्त हो चुका है। अनिल कुमार के जीवन यथार्थ, सुसाइड नोट, कालिका, काव्य नगरी, मधुराक्षर, वर दे वीणावादिनी, कोरोना के रंग-कलम के संग, एंजिल्स साझा काव्य संग्रह, आचार्य महाप्रज्ञ, काव्य नगरी आदि साझा संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। अनिल कुमार निलय ने इस उपलब्धि को चित्रकूट जनपदवासियों को सादर समर्पित किया है।

 

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट