जनहित की मांग: थिरूआ नाले पर नए पुल के निर्माण की उठी आवाज
राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अंबेडकर नगर
अम्बेडकर नगर। जनपद अम्बेडकर नगर के ग्राम रसूलपुर एवं पैकोलिया को जोड़ने वाले थिरूआ नाले पर नए स्थायी पुल के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शासन का ध्यान आकृष्ट किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को जनहित प्रार्थना पत्र भेजा गया है, जिसमें क्षेत्र की वर्षों पुरानी गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार थिरूआ नाले के कारण रसूलपुर, पैकोलिया सहित आसपास के सैकड़ों गांवों का आवागमन वर्षों से अत्यंत दयनीय स्थिति में है। नाले पर पुल न होने से ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में लोगों को मुख्य मार्ग पर स्थित एकमात्र पुल का सहारा लेना पड़ता है, जहां अत्यधिक भीड़ और यातायात दबाव के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों के लिए अत्यंत जोखिम भरा हो चुका है। एंबुलेंस, स्कूल वाहन और कृषि परिवहन को भी आने-जाने में भारी परेशानी होती है, जिससे समय पर चिकित्सा, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित होती हैं।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि यदि थिरूआ नाले पर रसूलपुर और पैकोलिया को जोड़ने वाला नया स्थायी पुल निर्मित किया जाता है तो इससे सैकड़ों गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। अकबरपुर, बसखारी एवं टांडा आने-जाने में सुविधा होगी, मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक, चिकित्सीय और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि थिरूआ नाले पर नए पुल का निर्माण कराया जा सके और क्षेत्र की जनता को वर्षों से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।
You must be logged in to post a comment.