शम्सी प्रीमियर लीग-13 के आखिरी लीग मुकाबलों में पैराडाइज और स्पोर्टिंग विजयी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-13 के राउंड-2 का आखिरी लीग मुकाबला शनिवार को खेला गया। दिन में हुए दो मैचों में शम्सी पैराडाइज और शम्सी स्पोर्टिंग ने जीत दर्ज कर लीग चरण का समापन किया।पहला मुकाबला एलेन हाउस ग्राउंड पर शम्सी पैराडाइज और शम्सी फाल्कन्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर शम्सी पैराडाइज ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। शम्सी फाल्कन्स की टीम 24.4 ओवर में 188 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए शम्सी पैराडाइज ने 22.2 ओवर में 191 रन बनाकर तीन विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए हम्जा अज़हर को मैन ऑफ द मैच चुना गया,जिन्होंने चार विकेट झटके।दूसरा मैच शम्सी स्पोर्टिंग ग्राउंड पर शम्सी स्पोर्टिंग और शम्सी रेंजर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर शम्सी रेंजर्स ने पहले गेंदबाजी की। शम्सी स्पोर्टिंग ने निर्धारित 25 ओवर में नौ विकेट पर 189 रन बनाए। जवाब में शम्सी रेंजर्स की टीम 24.2 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। शम्सी स्पोर्टिंग ने 19 रन से जीत दर्ज की। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए पिंटू भाई को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने नाबाद 54 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया।आयोजक साहिल रहमान ने बताया कि शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-13 का आगाज अक्टूबर में हुआ था। पहला सेमीफाइनल एक फरवरी को शम्सी सुपर किंग्स और शम्सी पैराडाइज के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल शम्सी फाल्कन्स और शम्सी स्पोर्टिंग के बीच होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर