कैंसर से जंग की शुरुआत, एसपीएम हॉस्पिटल में महिलाओं को मिला स्वास्थ्य का तोहफा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। वूमेन एंपावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी एवं एसपीएम हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में कल्याणपुर स्थित एसपीएम हॉस्पिटल में सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्व कैंसर सप्ताह के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी जांच कराई।कार्यक्रम की मुख्य आयोजक एवं एसपीएम हॉस्पिटल तथा वूमेन एंपावरमेंट वेलफेयर की डायरेक्टर डॉ. बंदना शर्मा ने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बेहद कम है। अधिकतर मामलों में बीमारी का पता अंतिम चरण में चलता है, जिससे इलाज कठिन हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह शिविर लगाया गया है और भविष्य में भी ऐसे कैंप लगातार आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि पैप स्मीयर एवं एलडीसी जैसी महत्वपूर्ण जांचें, जिनकी बाहर लागत 2500 से 3000 रुपये तक होती है, इस शिविर में पूर्णतः निःशुल्क की गईं। डॉ. शर्मा ने 35 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित जांच कराने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन रानू दिवाकर ने किया। आयोजन में डॉ. मुस्कान, डॉ. स्वाति, मिसेज सैली, ज्योति श्रीवास्तव, आशा सिंह, विनीता सिंह सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर