उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से 4 एवं 5 अप्रैल 2026 को कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग एवं ओपन डेडलिफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर वर्ग के बालक-बालिका और महिला-पुरुष खिलाड़ी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज में होगा, जहां विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 9 तथा महिला वर्ग के 8 भार वर्ग शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का पंजीकरण 3 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजन स्थल पर ही किया जाएगा। पंजीकरण के दौरान प्रतिभागियों को आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। इसी समय खिलाड़ियों का वजन (वेट-इन) भी किया जाएगा।
सौरभ गौर के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रत्येक भार वर्ग के विजेता खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय टीम ट्रायल के लिए किया जाएगा, जो 5 अप्रैल को कानपुर में ही आयोजित होगा। चयनित खिलाड़ी 25 से 28 अप्रैल तक उदयपुर (राजस्थान) में होने वाली राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग एवं डेडलिफ्ट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, पदक और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अनिल कुशवाहा (9336658975) और अभ्युदय शुक्ला (8400471436) से संपर्क किया जा सकता है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.