राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अम्बेडकरनगर। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री मन की बात के 132वें एपिसोड को भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन एवं जिला महामंत्री दिलीप पटेल के संयोजन में जनपद के विभिन्न बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने विधानसभा टांडा क्षेत्र के अपने बूथ सुलेमपुर में बूथ अध्यक्ष अशोक कन्नौजिया सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। इस दौरान उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश इन चुनौतियों से एकजुट होकर बाहर निकलेगा।
उन्होंने कहा कि मार्च माह वैश्विक स्तर पर घटनापूर्ण रहा है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति बनी रही। इन परिस्थितियों से उबरने के बाद विश्व नई शुरुआत के साथ प्रगति की ओर अग्रसर होगा। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पड़ोसी क्षेत्रों में जारी युद्ध के चलते लाखों भारतीय परिवार प्रभावित हैं, क्योंकि उनके परिजन विशेषकर खाड़ी देशों में रहकर कार्य करते हैं।
प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों का आभार व्यक्त करते हुए वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को मिली सहायता की सराहना की। उन्होंने ऊर्जा आपूर्ति पर इस संघर्ष के प्रभाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत की ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे इस विषय का राजनीतिकरण न करें और राष्ट्रीय हित में एकजुट रहें।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने जानकारी दी कि जनपद के 1478 बूथों पर कुल 13,967 लोगों ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
इस अवसर पर एमएलसी डॉ हरिओम पाण्डेय, पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय, विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ मिथिलेश त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विभिन्न बूथों पर उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सुना।
You must be logged in to post a comment.